
क्राइम रिपोर्ट : अन्नू दिवाकर
गोविंदनगर थाना क्षेत्र की कच्ची बस्ती में शुक्रवार रात करीब 9 बजे बेटे के ससुराल पक्ष के लोगों ने 65 वर्षीय राजाराम की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उन्हें ई-रिक्शे से तत्काल निजी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन नंदलाल चौराहे पर जवारा जुलूस के कारण लगे भीषण जाम में करीब एक घंटे तक फंसे रहे।
किसी तरह रात 10:30 बजे अस्पताल पहुंचे, जहां से उन्हें कार्डियोलॉजी विभाग रेफर कर दिया गया। आधे घंटे बाद जब वे कार्डियोलॉजी पहुंचे, तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक राजाराम के परिवार में पत्नी रामदेवी, बेटे रोशन, रंजीत, प्रेम और बेटी पूनम हैं। बड़े बेटे राकेश की पहले ही एक हादसे में मौत हो चुकी है। रंजीत के अनुसार, बड़े भाई रोशन की शराब की लत के कारण उनकी पत्नी पूजा से अक्सर विवाद होता रहता था। शुक्रवार रात भी इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ, जिसके बाद पूजा ने अपने मायके से परिजनों को बुला लिया।
आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने घर पहुंचकर मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव कर रहे दिल के मरीज राजाराम के सीने पर हमला किया गया, जिससे उनकी हालत और बिगड़ गई। परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाने निकले, लेकिन जाम के कारण समय पर इलाज नहीं मिल सका।
गोविंदनगर इंस्पेक्टर रिकेश कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, इसलिए विसरा सुरक्षित रखा गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जुलाई में होनी थी बेटी की शादी
रंजीत ने बताया कि जुलाई में बहन पूनम की शादी तय होनी थी और जल्द ही तारीख निकालने की तैयारी चल रही थी। लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पिता के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं मां रामदेवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
