सतर्क रहें, सुरक्षित रहें सत्य और निष्पक्षता के साथ, BeAlertMedia आपको रखे हर पल अपडेट।

बाइक सवार ठगों ने बुजुर्ग की जेब काटने की कोशिश, शोर मचाते हुए आरोपी फरार

रिपोर्टर-अन्नू दिवाकर

अकबरपुर कस्बे के माती रोड पर शुक्रवार दोपहर एक ऐसी वारदात हुई, जिसने स्थानीय लोगों को चौंका दिया। भीड़भाड़ वाली इस सड़क पर बाइक सवार दो टप्पेबाज़ों ने एक बुजुर्ग को रास्ता बताने के बहाने अपने जाल में फंसाने की कोशिश की। जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग किसी स्थान का रास्ता पूछना चाह रहे थे, तभी दोनों युवक उनके पास पहुंचे और उन्हें चौराहे तक छोड़ने का बहाना बनाकर बाइक पर बैठा लिया। जैसे ही बाइक आगे बढ़ी, दोनों युवकों में से एक ने बुजुर्ग की जेब पर हाथ साफ करने की कोशिश की। बुजुर्ग को जब इसकी भनक लगी तो उन्होंने जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया।

अचानक हुए हंगामे से घबराकर बाइक के पीछे बैठा युवक मौके से भाग निकला। बताया जा रहा है कि वह दूसरी बाइक से आ रहे अपने साथियों के साथ फरार हो गया। वहीं, बाइक चलाने वाला युवक बुजुर्ग को संभालते-संभालते पकड़ा गया और स्थानीय लोगों के घेराबंदी बनाने से वह भाग नहीं पाया। घटना स्थल पर जुटे लोगों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और युवक को उनके हवाले कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही अकबरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित युवक को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी।

अकबरपुर कोतवाल हरमीत सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवक से पूछताछ जारी है और फरार साथियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है, ताकि घटनास्थल से भागे आरोपी और उनके नेटवर्क के बारे में सुराग मिले। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी और छिनैती की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिसके चलते वे काफी सतर्क रहते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति की मदद करते समय सावधानी जरूर बरतें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top