
कानपुर। किदवई नगर क्षेत्र में निवेश पर भारी मुनाफा दिलाने का लालच देकर शातिरों ने एक युवक से चार लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार लोगों को नामजद आरोपी बनाया है।
जूही सफेद कॉलोनी निवासी गगन श्रीवास्तव ने बताया कि वह पिछले सात साल से मोदी केयर से जुड़े हुए हैं। वर्ष 2024 में मोदी केयर प्रोडक्ट खरीदते समय उनकी मुलाकात कंपनी की डिस्ट्रीब्यूटर वनिका तूली से हुई। बातचीत के दौरान वनिका ने उन्हें एक एमएल (मल्टी-लेवल) कंपनी में निवेश कर ज्यादा लाभ दिलाने का दावा किया।
गगन के अनुसार, वनिका के झांसे में आकर उन्होंने 17 मई 2025 को 15 हजार रुपये का पहला निवेश किया। इसके बाद कंपनी के आगरा ब्रांच से जुड़े रविंद्र कपूर, संचालक संदीप भाटिया और मीरा नाम की महिला ने भी उन्हें दूसरों का पैसा निवेश कराकर कमीशन कमाने का लालच दिया।

लाभ के प्रलोभन में आकर गगन ने 21 जुलाई 2025 तक करीब चार लाख रुपये विभिन्न किस्तों में निवेश कर दिए। लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी न तो उन्हें मुनाफा मिला और न ही उनकी मूल राशि वापस की गई। आरोप है कि जब उन्होंने पैसे वापस मांगने का प्रयास किया तो संबंधित लोगों ने फोन उठाना बंद कर दिया और उनके मोबाइल नंबर स्विच ऑफ हो गए।
ठगी का एहसास होने पर गगन ने किदवई नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि शिकायत के आधार पर वनिका तूली, रविंद्र कपूर, संदीप भाटिया और मीरा के खिलाफ ठगी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
