
राइटर- दीपाक्षी शर्मा
बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव लंबे समय से चल रहे चेक बाउंस और कर्ज मामले के चलते सुर्खियों में हैं। उनका नाम करीब ₹9 करोड़ के कर्ज से जुड़े इस विवाद में सामने आया है, जो 2010 में ली गई फिल्म फाइनेंसिंग लोन से शुरू हुआ था। राजपाल ने अपनी फिल्म अता पता लापता के लिए कारोबार से 5 करोड़ रुपये उधार लिए थे, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल न होने के कारण वह कर्ज चुका नहीं सके।
समय के साथ यह राशि ब्याज सहित लगभग ₹9 करोड़ तक बढ़ गई। अदालत ने उन्हें कई अवसर दिए, लेकिन वह समय पर रकम जमा नहीं कर पाने के कारण कोर्ट ने उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट में सरेंडर करने का आदेश दिया। राजपाल ने 5 फरवरी को खुद तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया। 12 फरवरी को उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई जारी रही, लेकिन कोर्ट ने उनकी दलीलों को स्वीकार नहीं किया और जमकर फटकार लगाई। अदालत ने कहा कि राजपाल ने खुद गारंटी दी थी कि वह पैसे चुकाएंगे, लेकिन उन्होंने कोर्ट के भरोसे का सम्मान नहीं किया और समय पर भुगतान नहीं किया। इसके चलते जमानत पर राहत नहीं मिली और बेल की सुनवाई आगे सोमवार 16 फरवरी तक टाल दी गई है। इस कठिन समय में बॉलीवुड समुदाय ने राजपाल यादव के लिए समर्थन दिखाया है।

कई सुपरस्टार्स जैसे सलमान खान, अजय देवगन, सोनू सूद और वरुण धवन समेत अन्य कलाकारों ने मदद का हाथ बढ़ाया है और वित्तीय सहायता देने की पेशकश की है, जिससे उन्हें कर्ज चुकाने में मदद मिले और जमानत मिलने की उम्मीद बढ़ी है। इन घटनाओं के बीच राजपाल की पत्नी ने भी भावनात्मक संदेश देते हुए फिल्म इंडस्ट्री और प्रशंसकों को धन्यवाद कहा है, जबकि परिवार के घर में राजपाल की भतीजी की शादी की तैयारियाँ भी जारी हैं। सामाजिक स्तर पर यह मामला व्यापक चर्चा में है, क्योंकि दर्शक और फैंस राजपाल की नाजुक स्थिति को लेकर संवेदनशील प्रतिक्रिया दे रहे हैं।