
क्राइम रिपोर्ट : अन्नू दिवाकर
उत्तर प्रदेश के कौशांबी में पैसों के विवाद ने एक परिवार को तबाह कर दिया. कर्ज में डूबे एक युवक ने अपने दादा की खेत में धारदार हथियार से हत्या कर दी. आरोपी करीब 15 दिन पहले भी दादा को जहर देकर मारने की कोशिश कर चुका था, उस समय किसी तरह उनकी जान बच गई थी.
सूत्रों के अनुसार, घटना के रमपुर धमावन गांव की है. आरोपी की पहचान 22 वर्षीय नितिन सरोज के रूप में हुई है. नितिन बेरोजगार था और उस पर काफी कर्ज हो गया था.कर्ज चुकाने के लिए वह अक्सर अपने दादा से पैसे मांगता रहता था. इसी को लेकर परिवार में कई बार विवाद भी हुआ था.

शनिवार शाम बाबूलाल सरोज अपने खेत में काम कर रहे थे. इसी दौरान नितिन वहां पहुंचा और अचानक उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में बाबूलाल गंभीर रूप से घायल हो गए. आसपास मौजूद लोगों के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया. बाद में बाबूलाल की मौत हो गई.
मृतक की पत्नी सरोज ने पुलिस को बताया कि नितिन काफी समय से पैसे को लेकर बाबूलाल पर दबाव बना रहा था. वह अक्सर उनसे पैसे मांगता था और मना करने पर नाराज हो जाता था. उन्होंने बताया कि करीब 15 दिन पहले भी नितिन ने बाबूलाल को जहर देकर मारने की कोशिश की थी. उस समय बाबूलाल की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने समय पर इलाज कर उनकी जान बचा ली थी.
परिवार वालों का कहना है कि उस घटना के बाद भी नितिन का व्यवहार ठीक नहीं हुआ और वह लगातार पैसे के लिए दबाव बनाता रहा. आखिरकार शनिवार को उसने अपने ही दादा की जान ले ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. आरोपी का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
