
क्राइम रिपोर्ट : अन्नू दिवाकर
बिहार के बेगूसराय जिले में सोमवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। वारदात सिंघौल थाना क्षेत्र के नागदह 49 नंबर ढाला के पास हुई। मृतक की पहचान 52 वर्षीय वरुण चौधरी के रूप में हुई है। वह डंडारी थाना क्षेत्र के मेहा गांव के रहने वाला था और जमीन की खरीद बिक्री का काम करते था। वर्तमान में वह नगर थाना क्षेत्र के वार्ड 13 में परिवार के साथ रह रहा था। जमीन के सौदे को लेकर ही हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, वरुण सोमवार को कहीं पर जमीन देखने गया था। इसके बाद बाइक से एक सहयोगी के साथ अपने घर लौट रहा था। तभी रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने वरुण पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरी की संख्या तीन थी और वे एक ही बाइक पर सवार होकर आए थे।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोलीबारी की घटना की सूचना मिलते ही वरुण का बेटा और अन्य परिजन दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे। खून से लथपथ हालत में उसे उठाकर पहले शहर के एक निजी क्लिनिक लाया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
फिर उसे बेगूसराय सदर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि वरुण चौधरी को बदमाशों ने 5 गोलियां मारीं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।
बेगूसराय के एसपी मनीष और सदर एसडीपीओ आनंद कुमार पांडेय भी घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की। इस वारदात के बाद से इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल पैदा हो गया है।
