
क्राइम रिपोर्ट : अन्नू दिवाकर
कानपुर। गोविंदनगर कच्ची बस्ती दादानगर निवासी युवती ने सचेंडी थाने में दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया कि वर्ष 2023 से उनकी मित्रता चकरपुर निवासी राहुल से हुई। राहुल शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने लगा। इसी बीच वह गर्भवती हो गई। उन्होंने राहुल को इस बात की जानकारी दी तो राहुल ने अपनी मां सरोजनी, पिता प्रेमशंकर, बहन मुस्कान व काजल से मिलवाया। उन लोगों ने शादी का आश्वासन देकर गर्भपात करने की सलाह दी। इस पर राहुल ने उन्हें दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। राहुल से उनकी 27 अप्रैल 2024 को शादी करा दी गई। दोनों को 25 सितंबर 2025 को बेटी हुई। आरोप है कि राहुल के आए दिन कचहरी जाने पर उन्हें कुछ गड़बड़ी का अंदेशा हुआ। दबाव डालने पर राहुल ने बताया कि वह पहले से शादीशुदा है और उसके एक बेटा है। विरोध करने पर राहुल और उसके परिजन भड़क गए और मारपीट की। पीड़िता नौ फरवरी को बच्चे को लेकर मायके गई तो राहुल भड़क गया फिर से पीटा। सचेंडी इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर राहुल, सरोजनी, प्रेमशंकर, मुस्कान, काजल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
