सतर्क रहें, सुरक्षित रहें सत्य और निष्पक्षता के साथ, BeAlertMedia आपको रखे हर पल अपडेट।

पुलिस चौकी के पास बड़ी चोरी, गोदाम से 10 लाख का माल पार

क्राइम रिपोर्टर :अन्नू दिवाकर

कानपुर। कलक्टरगंज थानाक्षेत्र की कोपरगंज चाैकी से 100 मीटर की दूरी पर प्लास्टिक बारदाना-तिरपाल कारोबारी के गोदाम की दीवार तोड़कर चोर 10 लाख का माल चोरी कर ले गए। सीसीटीवी फुटेज में नकाबपोश दो चोर दिखे हैं। एक माह के भीतर कलक्टरगंज क्षेत्र में 10वीं चोरी से व्यापारी आक्रोशित हैं।
कलक्टरगंज निवासी अनिकेत उर्फ राहुल गुप्ता का राजकुमार एंड संस के नाम से प्लास्टिक बारदाना-तिरपाल का होलसेल कारोबार है। बताया कि होली की छुट्टियों के कारण वह पत्नी के साथ बाहर घूमने गए थे। गुरुवार को लौटने पर उन्हें चोरी का पता चला। गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे में दो नकाबपोश चोर कैद हुए हैं। चोरों ने आठ मार्च को रात 12:56 बजे गोदाम में प्रवेश किया था। उन्होंने गोदाम के पीछे रेलवे की खाली जमीन का रास्ता इस्तेमाल किया। चोरों ने 250 पीस तिरपाल चुराया और सीसीटीवी कैमरे भी बंद कर दिए।


सूचना मिलने पर कलक्टरगंज थाना प्रभारी विनय तिवारी और एसीपी आनंद ओझा मौके पर पहुंचे। व्यापार मंडल के महामंत्री कृपाशंकर त्रिवेदी और अन्य व्यापारियों ने एसीपी से जल्द खुलासे की मांग की। उनका कहना है कि पिछली चोरियों का भी अभी तक खुलासा नहीं हुआ है।

पीड़ित कारोबारी राहुल के अनुसार, करीब ढाई महीने पहले बगल में उनके चाचा ब्रजेश कुमार गुप्ता के यहां से तीन लाख रुपये की प्लास्टिक की बोरियों की चोरी हुई थी। पीड़ित ने शिकायत भी की लेकिन पुलिस केवल खानापूर्ति करके चली गई।

कलक्टरगंज थानाक्षेत्र में एक माह की भीतर हुईं ताबड़तोड़ चोरियों के खुलासे न हो पाने के कारण बुधवार को ही क्राइम मीटिंग में पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने कलक्टरगंज थाना प्रभारी विनय तिवारी को फटकार लगाई थी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top