
क्राइम रिपोर्ट :अन्नू दिवाकर
कानपुर। फीलखाना में पत्नी से अवैध संबंध के शक में पति ने एक युवक पर तेजाब डाल दिया। स्थानीय लोगों ने घटना को अंजाम देकर भाग रहे पति को पकड़कर पीटने के बाद पुलिस के हवाले किया। सूचना पर डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने जांच पड़ताल की। पुलिस ने आरोपित पर मुकदमा दर्ज किया है उन्नाव के शुक्लागंज स्थित अहमद नगर निवासी चप्पल कारीगर मो. शाहिद ने बताया कि उनकी ननिहाल पटकापुर में है। जहां रहने वाली एक युवती की 15 साल पहले शादी हो चुकी है। उसके पति को शक है कि वह उससे बातचीत करते हैं। इसी बात पर वह अक्सर अपनी पत्नी से मारपीट करता है।
वह बीते चार माह से पटकापुर स्थित मो. अय्याम के कारखाने में काम कर रहे हैं। बुधवार दोपहर करीब चार बजे महिला का पति उनके कारखाने पहुंचा। उसने बातचीत करने के लिए बाहर बुलाया। इस दौरान महिला का पति उनसे बहस करने लगा। उन्होंने बाद में बातचीत करने की बात कहकर जाने के लिए बोला तो उसने बोतल से उन पर तेजाब डाल दिया। वह अपनी जान बचाने के लिए कारखाने के अंदर भागे। तभी कारखाने के पास खड़े अली, इरफान और तौफीक ने आरोपित को पकड़ लिया। हालांकि आरोपित को पकड़ने के दौरान वह भी मामूली रूप से झुलस गए। घटना से गुस्साई भीड़ ने आरोपित को पीटकर पुलिस के हवाले किया। साथ ही घायल शाहिद को तत्काल इलाज के लिए उर्सला अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी अजय मिश्रा ने बताया कि पीड़ित फुफेरे भाई परवेज की शिकायत पर आरोपित पर ज्वलनशील पदार्थ से हमला करने की धारा में मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जा रही है। आरोपित ने पूछताछ के दौरान पत्नी से अवैध संबंध के शक में घटना को अंजाम देने की बात कबूली है।पेड़ हटाने की बात कहकर लाया था तेजाबपुलिस ने बताया कि आरोपित ने बुधवार को डिप्टी पड़ाव स्थित एक दुकान से तेजाब खरीदा था। वह दुकानदार से घर की दीवार पर लगे पेड़ को हटाने के नाम पर तेजाब खरीद कर लाया था।पत्नी पर किया हमलापीड़ित शाहिद ने बताया कि मंगलवार को उसे आरोपित का साला मिला था। बातचीत के दौरान उसने बताया कि बहनोई ने बहन की हत्या करने के उद्देश्य से उस्तरे से हमला किया था। खुद को बचाने के लिए महिला ने अपना हाथ लगाया तो कट गया। हादसे के बाद महिला के हाथ में दस टांके लगे हैं। हालांकि महिला ने मामले की शिकायत पुलिस से नहीं की है।