
क्राइम रिपोर्ट : अन्नू दिवाकर
चकेरी क्षेत्र में स्क्रैप बेचने के नाम पर एक कारोबारी से पांच लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को स्क्रैप व्यापारी बताकर सस्ते दाम में माल देने का झांसा दिया और एडवांस लेकर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लालबंगला चंद्रनगर निवासी स्क्रैप कारोबारी संजय जायसवाल के मुताबिक, बीते वर्ष अक्तूबर में उन्हें एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को गाजीपुर निवासी एस. धन्ना बताते हुए स्क्रैप का बड़ा व्यापारी बताया। आरोपी ने कम दाम में भारी मात्रा में स्क्रैप देने का लालच दिया, जिससे प्रभावित होकर पीड़ित ने करीब आठ लाख रुपये में सौदा तय कर लिया।
आरोपी ने माल भेजने के नाम पर पांच लाख रुपये एडवांस की मांग की। भरोसा कर पीड़ित ने बताए गए खाते में रकम ट्रांसफर कर दी। पैसे मिलने के बाद आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया, जिससे ठगी का एहसास हुआ।
इसके बाद पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत की। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
