सतर्क रहें, सुरक्षित रहें सत्य और निष्पक्षता के साथ, BeAlertMedia आपको रखे हर पल अपडेट।

जुआ और शराब की लत ने छीनी किसान की जिंदगी

क्राइम रिपोर्ट : अन्नू दिवाकर

डेरापुर थाना क्षेत्र के कपासी कला गांव से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां जुआ और शराब की लत के कारण एक किसान ने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि जमापूंजी खत्म हो जाने से वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था।

कपासी कला निवासी 50 वर्षीय राजेश संखवार, जो खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे, बुधवार सुबह घर से चुपके से निकल गए। कुछ समय बाद खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक आम के पेड़ से गमछे के सहारे लटका उनका शव देखा। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और परिजन मौके पर पहुंचकर बिलख पड़े।

परिजनों के अनुसार, राजेश संखवार को जुआ और शराब की बुरी लत लग गई थी। बेटे विपिन ने बताया कि बीते 15 दिनों में उन्होंने करीब 70-80 हजार रुपये इन आदतों में गंवा दिए थे। आर्थिक नुकसान के कारण वह गहरे तनाव में आ गए थे। परिजन कई दिनों से उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन वह बार-बार आत्महत्या की कोशिश करते हुए घर से निकल जाते थे।

बुधवार को भी वह बिना बताए घर से निकल गए और इस दुखद कदम को अंजाम दे दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य भी जुटाए हैं।

थानाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला तनाव में आकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

यह घटना न केवल एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, बल्कि समाज के लिए भी एक चेतावनी है कि नशे और जुए जैसी लतें किस तरह जिंदगी को बर्बाद कर सकती हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top