
क्राइम रिपोर्ट : अन्नू दिवाकर | कानपुर
कानपुर में नौकरी का झांसा देकर युवतियों को देह व्यापार में धकेलने वाले एक बड़े सेक्स रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस मामले में मुख्य आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो करीब 20 होटलों में लड़कियों की सप्लाई करता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवतियों को नौकरी दिलाने का लालच देकर दूसरे शहरों, खासकर बेंगलुरु और कोलकाता से कानपुर लाता था। यहां उन्हें जबरन देह व्यापार में धकेल दिया जाता था। एक पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस हरकत में आई और पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने करीब 20 होटलों के नाम उजागर किए, जिसके बाद एडीसीपी शिवा सिंह, सुमित रामटेक और सुमेध जाधव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कल्याणपुर और रहावतपुर क्षेत्र के होटलों में छापेमारी की।
जांच के दौरान होटल रजिस्टरों की पड़ताल, स्टाफ से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। शुरुआती जांच में सामने आया कि कई राज्यों से लड़कियों को लाकर इस अवैध धंधे में शामिल किया जाता था।
सूत्रों के मुताबिक, ग्राहकों को व्हाट्सएप के जरिए लड़कियों की तस्वीरें भेजी जाती थीं और 4 से 5 हजार रुपये तक में सौदा तय किया जाता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ था। फिलहाल इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
एडीसीपी शिवा सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
