सतर्क रहें, सुरक्षित रहें सत्य और निष्पक्षता के साथ, BeAlertMedia आपको रखे हर पल अपडेट।

कानपुर देहात में सनसनी: धारदार हथियार से युवक की हत्या, खेत में फेंका शव

क्राइम रिपोर्ट :अन्नू दिवाकर

कानपुर देहात। शिवली थाना क्षेत्र के मकरंदपुर बंथा गांव के पास गुरुवार रात को एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। खेतों की ओर गए किसानों ने रामगंगा नहर पटरी किनारे गेहूं के खेत में शव पड़ा देख पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कानपुर नगर के सचेंडी थाना क्षेत्र के झखरा निवासी राजा बाबू (20) पुत्र रामलखन वर्मा का खून से लथपथ शव गुरुवार रात साढ़े आठ बजे के करीब खेतों की ओर गए किसानों ने गांव से एक किलोमीटर दूर शिवपाल शर्मा के खेत में पड़ा देखा। उसके चेहरे, सिर व सीने में धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। पास में ही सड़क किनारे उसकी बाइक खड़ी थी। हैंडल में हेलमेट टंगा था। युवक की हत्या की जानकारी पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंचे एएसपी राजेश पांडेय, सीओ आलोक कुमार, थानाध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर सिंह ने घटना स्थल की छानबीन के साथ बाइक के आरटीओ पंजीकरण नंबर की मदद से घटना की जानकारी राजाबाबू के परिजन को दी। मौके पर आए राजा बाबू के पिता रामलखन वर्मा ने बताया कि बेटा पुट्टी का काम कर परिवार का भरण-पोषण करने में सहयोग करता था। गुरुवार शाम पांच बजे के करीब बेटा बाइक से अपनी दादी राजेश्वरी देवी को शिवली थाना क्षेत्र के भौआपुरवा निवासी बुआ आरती के घर छोड़ने के लिए गया था। बेटे ने अगले दिन घर आने की बात कही थी।
हाथ पीले होने से कुछ दिन पहले हो गई हत्या
झकरा निवासी राजा बाबू की हत्या की सूचना उसके घर पहुंचने पर मां ममता, बाबा गोरेलाल, छोटा भाई अंकुश, बहन लक्ष्मी, बटुइया निवासी शादीशुदा बहन रानी, सरला समेत अन्य परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए। पिता रामलखन वर्मा ने बताया कि बेटे राजा बाबू की शादी अकबरपुर थाना क्षेत्र के दस्तमपुर निवासी युवती के साथ तय हुई थी। 28 अप्रैल को बेटे की घर से बरात जानी थी। इसको लेकर तैयारी में जुटे थे मगर शादी से कुछ दिन पहले ही बेटे की हत्या से घर में खुशियां आने से पहले गम के बादल छा गए।
राजाबाबू की हत्या की जानकारी होते ही भौआपुरवा निवासी उसकी बुआ आरती, दादी राजेश्वरी देवी व अन्य रिश्तेदार करीब पांच किलोमीटर दूर घटना स्थल पर पहुंच गए। दादी ने बताया कि पौत्र के मन में क्या आया उन्हें पता नहीं था। उनको भौआपुरवा में छोड़ने के बाद पौत्र शाम साढ़े सात बजे के करीब घर जाने की बात कहकर निकला था लेकिन एक घंटे बाद उसकी हत्या की जानकारी मिली। वहीं स्थानीय लोगों ने शव की दशा को देखकर वारदात को अंजाम देने में दो से अधिक लोगों के होने की आशंका जाहिर की है। थानाध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि परिजन के अनुसार युवक के पास मोबाइल था। छानबीन के दौरान उसके पास से मोबाइल बरामद नहीं हुआ है। जेब से कुछ रुपये मिले हैं। युवक के मोबाइल की सीडीआर निकलवाने के साथ अन्य बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है।
युवक की धारदार हथियार से हत्या की गई है। फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में परिजन की ओर से तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। मामले की कई बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top