
क्राइम रिपोर्ट : अन्नू दिवाकर
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित एक होटल में महिला ने रिश्ते में मामा लगने वाले शख्स को इतनी बेरहमी से मारा कि देखने वालों की रूह कांप गई। पहले तो उसने मिर्ची स्प्रे आंखों में छिड़क दिया। जब मामा आंखों की जलन से परेशान हुआ तो उसने सर्जिकल ब्लेड से उसका गला काट दिया। खून की धार बहते ही मामा फर्श पर गिरकर तड़पने लगा। महिला के मन में प्रतिशोध की ज्वाला जल रही थी। उसका मन इतने से नहीं भरा। उसने अपने बैग से हथौड़ा निकाला और मामा के चेहरे पर दनादन 15 प्रहार किए। वह तब तक चेहरे पर हथौड़ा बरसाती रही, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।
शख्स की मौत के बाद महिला थोड़ी देर तक शव के पास गुमसुम बैठी रही। इसके बाद कमरे से बाहर निकली और जोर-जोर से चीखते हुए होटल कर्मचारियों को बताया कि उसने हत्या कर दी है। यह सुनते ही वहां मौजूद हर कोई सन्न रह गया। आनन फानन पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जिससे हवस और ब्लैकमेलिंग की कहानी सामने आई है।
“पूछताछ में महिला पहले कुछ भी बताने के लिए तैयार नहीं थी। सख्ती से पूछताछ की गई तब उसने रिश्ते में मामा लगने वाले शख्स की करतूतों का खुलासा किया। पुलिस ने हत्या में यूज किए गए सभी सामान बरामद कर लिए हैं। महिला को गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है।
एसीपी सैंया डॉ सुकन्या शर्मा”
जबरन संबंध बनाने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा
यह पूरा मामला मलपुरा थानाक्षेत्र स्थित होटल ताजपथ का है। शुक्रवार दोपहर 36 वर्षीय युवक खिल्लो अपने साथ एक महिला लेकर कमरा नंबर 204 में रुका। थोड़ी देर बाद खिल्लो बाहर चला गया और बीयर लेकर लौटा। दोनों ने साथ में बैठकर बीयर पी। इसी बीच दोनों में झगड़ा शुरू हो गया। महिला का आरोप है कि खिल्लो जबरन सबंध बनाने की कोशिश कर रहा था। मना करने पर भी नहीं मान रहा था। उसके मोबाइल फोन में आपत्तिजनक फोटो और वीडियो हैं जिसके सहारे वह ब्लैकमेल करता है और जबरन संबंध बनाने की कोशिश करता है। मना करने पर वह पति को फोटो और वीडियो भेजने की धमकी देता था। इसलिए उसने उसको मार डाला।
पूरी तैयारी के साथ होटल मिलने आई थी
महिला शादीशुदा और और उसके दो बच्चे भी हैं। पति मजदूरी का काम करता है। वहीं, रिश्ते का मामा खिल्लो टाइल्स लगाने का काम करता था। महिला ने आरोप लगाया कि खिल्लो उसे काफी समय से परेशान कर रहा था। वह बार-बार उसको मिलने के लिए बुलाता था। इससे वह तंग आ गई थी। उसने उसको रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया। वह पूरी तैयारी के साथ उससे मिलने होटल आई। उसने अपने बैग में मिर्ची स्प्रे, सर्जिकल ब्लेड और हथौड़ा रख लिया। खिल्लो की हत्या करने के बाद महिला ने उसका मोबाइल फोन छत पर ले जाकर हथौड़े से तोड़ डाला। उसको शक था कि इसी फोन में आपत्तिजनक फोटो और वीडियो हैं। पुलिस ने फोन को कब्जे में ले लिया है।
2014 में हुई थी महिला की शादी
पुलिस ने होटल के कमरे से बीयर का कैन, थैला, सर्जिकल ब्लेड, मिर्ची स्प्रे और हथौड़ा बरामद कर लिया है। महिला की शादी वर्ष 2014 में हुई थी। पति और देवर कपड़े की दुकान में काम करते हैं। महिला के पति और पिता ने पुलिस को बताया कि उनको नहीं पता कि महिला होटल किसलिए गई थी। उन्हें दोनों के संबंधों के बारे में भी जानकारी नहीं थी। रिश्तेदार हैरान हैं कि आखिर ये सब कैसे हो गया।
दिल्ली में टाइल्स का काम करता था खिल्लो: भाई अजय
खिल्लो के भाई अजय ने पुलिस को बताया कि खिल्लो दिल्ली में रहकर टाइल्स लगाने का काम करता था। वह कभी कभार घर आता था। वह आगरा के होटल में कैसे पहुंच गया, इस बात की जानकारी उनको नहीं है। उसे यह भी नहीं पता था कि आरोपी महिला से खिल्लो का किसी प्रकार से संबंध था।