सतर्क रहें, सुरक्षित रहें सत्य और निष्पक्षता के साथ, BeAlertMedia आपको रखे हर पल अपडेट।

डांस में कई मेडल, IIT दिल्ली से पास आउट; IAS भी बनना चाहती थी IRS की बेटी… नौकर ने चकनाचूर किए सपने

क्राइम रिपोर्ट :अन्नू दिवाकर

दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली में कैलाश हिल्स निवासी 22 वर्षीय छात्रा पढ़ने में शुरू से तेज थी। आरके पुरम स्थित डीपीएस से 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद अखिल भारतीय परीक्षा जेईई एडवांस्ड क्रैक किया और आईआईटी दिल्ली में दाखिला लिया और यहां से पास आउट हो गई थी। उसे नृत्य का भी शौक था।
पड़ोसियों के मुताबिक, नृत्य में वह काफी अच्छी थी। इंजीनियिरिंग के साथ-साथ नृत्य प्रैक्टिस भी करती थी। उसने डांस प्रतियोगिताओं में कई पुरस्कार भी जीते थे।

पिता की तरह बनना चाहती थी बड़ी अफसर
वहीं परिवार के एक करीबी के मुताबिक, पिता की तरह वह भी बड़ी अफसर बनना चाहती थी। इसलिए इंजीनियरिंग के बाद यूपीएससी की तैयारी में जुट गई। पिछले एक वर्ष से वह तैयारी कर रही थी।
यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा 24 मई को होनी है। वह उसकी तैयारी में जुटी थी। पढ़ाई करने के लिए तीसरे तल के ऊपर अलग से उसके लिए स्टडी रूम बना था।

परीक्षा की तैयारी में जुटी थी छात्रा
पड़ोसियों के मुताबिक, इन दिनों वह परीक्षा की तैयारियों में इतनी व्यस्त रहती थी कि कभी-कभार ही बाहर निकलती थी। उसका सपना आईएएस अफसर बनना था। पर नियति को कुछ और ही मंजूर था।
आरोपी ने न केवल एक बेटी से उसके सपने और जिंदगी छीन ली, बल्कि एक झटके में परिवार का सबकुछ छीन लिया।

आईआरएस अफसर के घर में घरेलू सहायक था आरोपी
बुधवार सुबह दक्षिणी दिल्ली के कैलाश हिल्स में आईआरएस अधिकारी की बेटी की दुष्कर्म के बाद हत्या की वारदात सामने आ गई। आरोपी इसी घर में घरेलू सहायक था और चोरी व पैसे की हेराफेरी के कारण उसे डेढ़ महीने पहले काम से हटा दिया गया था। उसने मोबाइल फोन के चॉर्जर के तार से गला कसकर युवती की हत्या की और फरार होते समय भी घर में चोरी की। वह आदतन अपराधी माना जा रहा है, क्योंकि दिल्ली में सुबह दरिंदगी करने से पहले मंगलवार रात 11 बजे अलवर में अपनी पड़ोसी महिला के साथ दुष्कर्म किया था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top