
क्राइम रिपोर्ट :अन्नू दिवाकर
सरवनखेड़ा। गजनेर थाना क्षेत्र के हिम्मापुरवा गांव में साली की शादी समारोह में शामिल होने आए बहनोई ने विदा के बाद जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन ने उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया। वहां डॉक्टर ने उनको मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले में छानबीन की है।
गजनेर थाना क्षेत्र के मंगली की पुत्री छोटी की शादी रनियां थाना क्षेत्र के किशरवल गांव के लालू के साथ हुई है। शनिवार को उसकी बारात आई थी। इसमें शामिल होने के लिए कानपुर नगर के घाटमपुर थाना क्षेत्र के नौबस्ता सब्जी मंडी निवासी उसका बहनोई सुनील कुमार भी शनिवार को पत्नी व बच्चों के साथ हिम्मापुरवा आया था।
रविवार सुबह बारात के विदा होने के बाद किसी बात को लेकर सुनील ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर पत्नी गुड़िया, हिम्मापुरवा निवासी अपनी भाभी सोनी पत्नी अरविंद व परिजन के साथ सुनील को मेडिकल कॉलेज ले आए। यहां डॉ. श्रीप्रकाश ने जांच के बाद उनको मृत घोषित कर दिया। अनहोनी पर पत्नी गुड़िया, बेटे आदित्य, अमरदीप, कृष्णा रोने लगे। गजनेर थानाध्यक्ष सूर्यप्रताप सिंह ने बताया कि परिजन घटना की वजह स्पष्ट नहीं बता सके हैं। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
