सतर्क रहें, सुरक्षित रहें सत्य और निष्पक्षता के साथ, BeAlertMedia आपको रखे हर पल अपडेट।

1600 करोड़ की साइबर ठगी का मास्टरमाइंड महफूज गिरफ्तार, कानपुर पुलिस ने बंगाल से दबोचा

क्राइम रिपोर्ट :अन्नू दिवाकर

कानपुर। 68 बैंक खातों के 1600 करोड़ के लेनदेन का आरोपित मास्टर माइंड महफूज आलम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वह फरवरी से कोलकाता भाग गया था और एक टीएमसी नेता के यहां पनाह ली थी।
लेकिन बंगाल के चुनाव के बाद जब टीएमसी का प्रभाव खत्म हुआ तो वह कुछ बिचौलियों की मदद से समझौता करने शहर आया था। जहां उसे पुलिस ने दबोच लिया। गुरुवार को पुलिस उसे शहर भेजेगी।

16 फरवरी को यशोदा नगर के वासिद व साथी अरशद को तमंचा लगा आठ लाख रुपये लूटने की सूचना मिली थी। पुलिस पहुंची तो दोनों ने बाद में लूट से इन्कार कर दिया था। बार-बार उनके बयान बदलने पर शक हुआ और पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि दोनों युवक जाजमऊ के टेनरी व स्क्रैप कारोबारी जाजमऊ के जेके कालोनी निवासी महफूज आलम उर्फ पप्पू छूरी वाला के लिए काम करते थे। उस दिन वासिद और उसका साथी महफूज के बताने पर शिवांश टेनरी के नाम पर फूलबाग के आइडीबीआइ बैंक में खुले खाते से 3.20 करोड़ निकाले थे, जिसमें से महफूज के बेटे फैज, साले महताब और रिश्तेदारों को 2.95 करोड़ देकर शेष रकम 25 लाख लेकर महफूज को देने उसके घर जा रहे थे।

जांच में बड़ा गिरोह आया सामने

जांच आगे बढ़ी तो महफूज का एक बड़ा गिरोह का पता चला। महफूज, उसके परिवार, रिश्तेदार और अन्य लोगों की फर्म के नाम से 12 बैंकों में खुले 68 खातों में सवा दो साल में 1600 करोड़ का लेनदेन मिला था। इसमें महफूज पत्नी शायदा, बेटे फैज, बेटी एनम, भाई मिशब, साले मेहताब, उसका बेटा मासूम समेत लोगों के भी खाते हैं। तब से महफूज की तलाश में टीमें लगी थीं।

बीमा कराने के नाम पर धोखाधड़ी

महफूज और उसके परिवार ने जाजमऊ की आरती, शहनवाज, चकेरी न्यू आजाद नगर शिवपुरम निवासी अजय शुक्ला, जूही परमपुरवा निवासी निखिल कुमार, जाजमऊ के कासिफ व उसकी बहन अलफिशा के साथ भी बीमा कराने के नाम पर धोखाधड़ी कर उनका फर्जी तरह से खाते खुलवाकर सैकड़ों करोड़ के लेनदेन किए थे। मामले में पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमे दर्ज कर चकेरी, जाजमऊ थाने की पुलिस व साइबर और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने महफूज के साले जाजमऊ के राम राय की सराय सरैया निवासी महताब आलम व उसका बेटा मासूम को सोमवार को रामादेवी रैंप से कट के पास से गिरफ्तार किया है।

16 फरवरी के बाद से कोलकाता में रह रहा था

इसके बाद पुलिस ने बुधवार को इस पूरे गिरोह के मास्टर माइंड महफूज आलम उर्फ पप्पू छूरी वाले को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, महफूज 16 फरवरी के बाद से कोलकाता में अपने रिश्तेदार के घर चला गया था। उसकी आखिरी लोकेशन भी वहां की मिल रही थी, लेकिन पुलिस वहां जाने से बच रही थी, लेकिन बंगाल का चुनाव खत्म होने के बाद महफूज और उसके दो अन्य लोगों के कई आडियो समझौता कराने को लेकर प्रचलित हुए, जिसके बाद महफूज बुधवार को शहर आया था, जहां एक बिचौलिया के जरिए पुलिस टीम ने उसे धर दबोचा।

पुलिस के अनुसार, आरोपित महफूज और उसके परिवार ने पेंटर, कबाड़ी, छात्रा, मजदूर, फल विक्रेताओं समेत कई लोगाें को बीमा कार्ड, लाभार्थी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनके दस्तावेज लेता और फर्जी जीएसटी फर्म बनाकर करंट खाते खुलवा सैकड़ों करोड़ का लेनदेन करने लगता था, जिसकी जानकारी खाताधारकों को भी नहीं होती थी, लेकिन पुलिस की जांच में जब महफूज की करतूत सामने आई तो पीड़ितों ने आरोपित व उसके परिवार के खिलाफ चकेरी व जाजमऊ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top