
रिपोर्ट : विजय तिवारी
जसवंतनगर/इटावा।
सराय भूपत रेलवे फाटक पर खाद से लदा एक ट्रैक्टर ट्रैक के बीच फंस जाने से सोमवार सुबह करीब 11 बजे से लगभग आधे घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा। इस दौरान अप और डाउन दोनों लाइनों पर कई ट्रेनें रोकनी पड़ीं, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर जैसे ही रेलवे फाटक पार कर रहा था, तभी उसका पिछला एक पहिया ट्रैक में फंस गया। ट्रैक्टर पर अधिक भार होने के कारण चालक उसे स्वयं निकालने में असमर्थ रहा। घटना के बाद सुरक्षा की दृष्टि से रेलवे फाटक बंद कर दिया गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों और राहगीरों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी कुमार सत्यम जीत तथा रेलवे कर्मी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद और जेसीबी मशीन के सहयोग से काफी प्रयासों के बाद ट्रैक्टर को ट्रैक से हटाया जा सका। ट्रैक्टर हटते ही रेल यातायात को पुनः सामान्य कर दिया गया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि नियमों के उल्लंघन को लेकर ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है और आरोपी चालक के खिलाफ विभागीय कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
