दिल्ली के लाल किले के पास जो बम विस्फोट हुआ था, उसने सभी के दिलों को दहला दिया है। इस मामले को लेकर गुरुवार की सुबह गृह मंत्री अमित शाह ने एक हाई लेवल मीटिंग बुलाई। ये मीटिंग उनके निजी आवास पर रखी गई। इस दौरान उनके साथ खुफिया एजेंसियों और गृह मंत्रालय के बड़े-बड़े अधिकारी मौजूद थे। आतंकी हमले की जांच और देशभर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह से समीक्षा की गई। अमित शाह ने गुरुवार के दिन गुजरात का दौरा भी रद्द कर दिया गया है।

भाजपा पदाधिकारियों ने बताया कि शाह को अहमदाबाद फूड फेस्टिवल और अहमदाबाद इंटरनेशनल बुक फेस्टिवल 2025 का उद्घाटन करना था। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सोमवार शाम लाल किला के पास एक कार में हुए विस्फोट में कम से कम 12 लोगों की मौत हुई थी और कई घायल हुए थे। घटना के तुरंत बाद अमित शाह ने घटनास्थल का दौरा किया और सुरक्षा एजेंसियों को जांच तेज करने के निर्देश दिए। मंगलवार को भी शाह ने दो बार सुरक्षा समीक्षा बैठकें की थीं।
भाजपा नेता और गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के प्रवक्ता बिमल जोशी ने बताया कि शाह को मेहसाणा की दूधसागर डेयरी में उद्घाटन कार्यक्रमों में भी आमंत्रित किया गया था। जोशी ने कहा, ‘गृह मंत्री का अहमदाबाद और मेहसाणा दौरा रद्द कर दिया गया है, लेकिन संभावना है कि वे इन कार्यक्रमों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हों।’