
क्राइम रिपोर्ट : अन्नू दिवाकर
महाराजपुर थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव से कुछ दूरी पर एक बबूल के पेड़ से 40 वर्षीय युवक नन्टा उर्फ नरेश का शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और हत्या की आशंका जताते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि नरेश की हत्या की गई है। उनका कहना है कि गांव के एक युवक के साथ नरेश का पुराना विवाद चल रहा था। इस मामले में नरेश ने पहले एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसके बाद से आरोपी युवक लगातार समझौते का दबाव बना रहा था। परिजनों का दावा है कि सोमवार रात नरेश को उसी युवक के साथ देखा गया था, जिसके बाद वह घर नहीं लौटे।
मृतक के चचेरे भाई अरविंद के अनुसार, नरेश अपने पीछे पत्नी मधु और चार बच्चों—ऋषि, बरखा, अनुष्का और विधु—को छोड़ गए हैं। परिवार का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने के कारण विसरा सुरक्षित रख लिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और संबंधित युवक से भी पूछताछ की जा रही है। गांव में घटना के बाद से तनाव का माहौल है, जबकि परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।
