
क्राइम रिपोर्ट :अन्नू दिवाकर
कानपुर। व्यवहार सुधारो, गुडवर्क करो, नहीं तो थाना छोड़ो…यह चेतावनी बुधवार को पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने क्राइम मीटिंग में 13 थानेदारों को दी। उन्होंने चोरी, हत्या, लूट के पूर्व के मामलों में खुलासे न होने पर फटकार लगाई। फरार अभियुक्तों, वारंटियों, हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ हुई कार्रवाई की रिपोर्ट पूछी। क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री को लेकर सवाल जवाब किए। चार थानेदारों के खिलाफ रात्रि की गश्त न करने की शिकायतें मिली थीं, उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया। पिछली और इस बार की मीटिंग में नहीं आए दो थानेदारों के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए।
पुलिस कमिश्नर ने रघुबीर लाल ने संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था विपिन ताडा और संयुक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय व अपराध संकल्प शर्मा से ओवरऑल रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। आईजीआरएस में पहली रैंक आने पर सभी पुलिसकर्मियों को बधाई दी गई। कलक्टरगंज, बादशाहीनाका, चकेरी, कल्याणपुर, बिठूर आदि के थानेदाराें से गुडवर्क का समय लिया। पुलिस कमिश्नर ने थानेदारों को क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री न होने का निर्देश दिया। कोताही बरतने पर कार्रवाई की जाएगी। आपके क्षेत्र में अधिकारी निकलेंगे और नशीले पदार्थ खरीदेंगे। वह नशीले पदार्थ सीधे आपके थाने में लेकर आएंगे।

सात थानेदारों का बदल सकता प्रभार
क्राइम मीटिंग में अधिकारियों ने पांच से सात थानेदारों को बदलने का इशारा किया। सेंट्रल के तीन, पूर्वी के दो, पश्चिम के दो और दक्षिण के एक थानेदार शामिल हैं। दक्षिण के थानेदार ने गुडवर्क तो ठीक किए हैं, लेकिन आईजीआरएस की शिकायतों में खेल करने की जानकारी हुई है। पश्चिम जोन के ग्रामीण क्षेत्र के एक थानेदार को कुछ महीने पहले ही चार्ज मिला है, लेकिन उनका रवैया ठीक नहीं है। सेंट्रल जोन के एक थाना प्रभारी काफी समय से चार्ज पर हैं। उनके बारे में भी क्षेत्र के लोगों ने शिकायतें की हैं।
एक एडीसीपी, तीन एसीपी की बदलेगी जिम्मेदारी
एक एडीसीपी और तीन एसीपी की जिम्मेदारी जल्द बदल जाएगी। एडीसीपी के खिलाफ स्टाफ से अभद्र व्यवहार करने और जांच में लापरवाही बरतने की शिकायतें मिली हैं। तीन एसीपी का उनके क्षेत्र में तालमेल बेहतर नहीं मिला है। थानेदार और चौकी इंचार्ज उनके खिलाफ आरोप लगा चुके हैं।
कुछ थानेदार कार्य ही नहीं कर रहे हैं। अपराध रोकने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने में शून्य साबित हुए हैं। कुछ थानेदारों को अल्टीमेटम दिया गया है। – रघुबीर लाल, पुलिस कमिश्नर
