
एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 के हादसे को लेकर मीडिया में जो खबरें चल रही थीं कि पायलट ने जानबूझकर विमान को क्रैश किया, उस पर Aircraft Accident Investigation Bureau (AAIB) और सरकार ने स्पष्ट बयान दिया है। AAIB ने कहा है कि जांच अभी पूरी नहीं हुई है, इसलिए बिना कोई पुख्ता सबूत किसी को दोषी मानना गलत है। वे बोले हैं कि मीडिया में कई खबरें अनप्रूव्ड और अनुमान पर आधारित हैं, जिन्हें चलाना नुकसानदेह है। AAIB ने कहा है कि फाइनल रिपोर्ट आने तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुँचा गया है।
ये हादसा 12 जून 2025 को अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन के लिए उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद हुआ था। विमान, जो कि Boeing 787-8 Dreamliner था, टेकऑफ के तुरंत बाद जमीन पर गिर गया और दुर्घटना में 260 लोग मारे गए। केवल एक व्यक्ति ही जीवित बचा था। कई अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों में दावा किया गया कि जांच में पता चला कि विमान के इंजन फ्यूल कंट्रोल स्विच जानबूझकर बंद किए गए, जिससे इंजन बंद हो गए और विमान नियंत्रण खो बैठा।

ऐसी रिपोर्टों ने यह अनुमान लगाया कि यह मानव कारवाई थी न कि तकनीकी खराबी। हालांकि, AAIB ने इन रिपोर्टों को “गलत और अटकलें फैलाने वाली” बताया है और कहा है कि वे जांच का हिस्सा नहीं हैं। सरकार और AAIB ने सभी से धैर्य रखने का आग्रह किया है और कहा है कि केवल आधिकारिक बयान और अंतिम रिपोर्ट पर भरोसा करना चाहिए। इस तरह की अटकलें न केवल जांच को प्रभावित कर सकती हैं बल्कि लोगों को भी गलत धारणाएँ दे सकती हैं।