सतर्क रहें, सुरक्षित रहें सत्य और निष्पक्षता के साथ, BeAlertMedia आपको रखे हर पल अपडेट।

भोजपुर में डबल मर्डर: मिठाई दुकानदार और बेटे की गोली मारकर हत्या, सड़क किनारे मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

आरा में डबल मर्डर, मिठाई विक्रेता और उसके बेटे की गोली मारकर हत्या; सड़क किनारे मिला शव
भोजपुर जिले में एक मिठाई दुकानदार और उसके बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दोनों के शव बेलघाट गांव के पास सड़क किनारे मिले। मृतकों की पहचान प्रमोद कुशवाहा और उनके बेटे प्रियांशु के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन हत्या का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

भोजपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलघाट गांव नट स्थान के समीप शुक्रवार की सुबह मिठाई दुकानदार और उनके पुत्र का शव बरामद किया गया।

दोनों की गुरुवार की देर रात गोली मारकर हत्या की गई है। शव सड़क किनारे फेंका मिला है। सिर समेत अन्य भाग में गोली का निशान पाए गए हैं।

मृतकों की पहचान उदवंतनगर थाना क्षेत्र के कसाप गांव निवासी प्रमोद कुशवाहा (45 वर्ष) और उनके पुत्र प्रियांशु कुशवाहा (20 वर्ष) के रूप में हुई है।

फिलहाल वे जयनगर गांव में अपने परिवार के साथ रहते थे। प्रमोद कुशवाहा पियनिया बाजार पर मिठाई दुकान चलाते थे। बताया जा रहा है कि वे राष्ट्रीय लोक मोर्चा पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता भी थे।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर प्रमोद कुशवाहा को बुलाया। इसके बाद वे अपने पुत्र के साथ बाइक से दुकान से निकले, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे।

स्वजन रातभर खोजबीन करते रहे। इस बीच शुक्रवार की सुबह बेलघाट गांव के समीप उनका शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई।

घटना की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष दीपक कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक खाली कारतूस, मृतकों की बाइक और एक बुलेट बरामद की है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top