
क्राइम रिपोर्ट : अन्नू दिवाकर
कानपुर। अफीम कोठी चौराहे पर शुक्रवार तड़के 58 लाख की लूट का मामला पुलिस की जांच में फर्जी निकला। मेरठ ब्रह्मपुरी निवासी सराफ अंतिम सोनी ने रतनलालनगर में एक समृद्ध परिवार की विधवा दो बच्चों की मां को प्रभाव में लेकर शादी करने के लिए लूट की कहानी रची थी। पुलिस ने सराफ को गिरफ्तार किया तो पूरा सच सामने आ गया। वह पहले भी तीन शादियां कर चुका है। डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी अंतिम सोनी ने चार महीने पहले एक मेट्रिमोनियल साइट से पनकी निवासी दो बच्चों की मां से संपर्क किया। दोनों में बातचीत का सिलसिला बढ़ा नवरात्र में सगाई तय हुई। महिला को अपनी बातों में फंसाने के लिए उसने 65 लाख में फ्लैट खरीदने की बात कही। बताया कि एडवांस देने के लिए 30 लाख रुपये नकद और आठ लाख के गहने लेकर कानपुर आ रहा है।

सेंट्रल स्टेशन में ट्रेन से उतरने के बाद कुछ देर घंटाघर चौराहे पर सिगरेट पी। इसके बाद सीधे सीसामऊ थाने पहुंचा और ऑटो सवार बदमाशों द्वारा अफीम कोठी चौराहे पर लूट की फर्जी कहानी सुनाई। थाना क्षेत्र रायपुरवा होने के चलते सीसामऊ पुलिस ने उन्हें सूचना दी। पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज कर क्राइम ब्रांच, सर्विलांस, साइबर टीम को सक्रिय किया।
सीसी कैमरे चेक किए गए तो सेंट्रल पर अंतिम संगम एक्सप्रेस से 4:08 मिनट पर उतरता दिखा। 4:21 बजे वह स्टेशन से बाहर निकलते दिखा। अंतिम ने पुलिस को 4:56 बजे खुद के अफीम कोठी चौराहे पर होने की जानकारी दी थी जबकि सर्विलांस टीम को 4:56 बजे उसकी लोकेशन पनकी में मिली। इससे पुलिस का शक अंतिम पर गहरा गया। पुलिस ने कैमरे खंगाले तो वह पनकी में आराम से टहलता नजर आया। पुलिस ने उसका बैंक खाता किया तो मात्र 1710 रुपये मिले। इसमें 1500 रुपये उसने कानपुर आने से पहले किसी से ऑनलाइन उधार लिए थे। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने महिला को जाल में फंसाने के लिए साजिश रचने की बात कबूल ली।
डीसीपी ने बताया कि जब टीम ने सराफ से लुटेरों का हुलिया पूछा तो उसने महिला के ही दोनों बेटों का चेहरा बता दिया। उसने महिला की भी तीन ग्राम की चेन पार कर दी थी। पीतल पर सोने की परत चढ़ाकर 1.50 लाख का लोन लेने के मामले में इंदौर की क्राइम ब्रांच उसकी तलाश कर रही है। पुलिस को उसके इंस्टाग्राम और फेसबुक आईडी पर 15 महिलाओं से की गई चैट मिली है। डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि फर्जी लूट की सूचना देकर रिपोर्ट दर्ज कराने वाले अंतिम सोनी को लूट की धारा में आरोपी बनाया गया है। मामले में फर्जी साक्ष्य गढ़ने की धारा बढ़ाई जाएगी। आरोपी को कोर्ट में पेशकर वहां से जेल भेज दिया गया है।
