सतर्क रहें, सुरक्षित रहें सत्य और निष्पक्षता के साथ, BeAlertMedia आपको रखे हर पल अपडेट।

सिनेमा हॉल में छेड़छाड़, आरोपी की पब्लिक ने की पिटाई

क्राइम रिपोर्ट : अन्नू दिवाकर

उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। रावतपुर थाना क्षेत्र स्थित गुरुदेव पैलेस टॉकीज में फिल्म देखने पहुंचे एक युवक को छेड़छाड़ करना महंगा पड़ गया। युवती की हिम्मत और वहां मौजूद लोगों के गुस्से ने आरोपी को मौके पर ही सबक सिखा दिया।

जानकारी के अनुसार, सिनेमा हॉल में ‘धुरंधर 2’ फिल्म का शो चल रहा था। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर एक युवक ने पास बैठी युवती के साथ अभद्रता शुरू कर दी। युवती के विरोध और शोर मचाने पर उसके परिजन और अन्य दर्शक तुरंत सक्रिय हो गए।

आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। सिनेमा हॉल के अंदर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। घटना की सूचना मिलते ही रावतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह आरोपी को भीड़ से निकालकर हिरासत में लिया।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और मामले की जांच जारी है। इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top