क्राइम रिपोर्टर- अन्नू दिवाकर

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपनी ही पत्नी की साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वजह जानकर हर कोई हैरान है। उसकी पत्नी अपने भांजे के साथ भाग गई थी। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और परिवार में मातम छा गया है। घटना महोबा के कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के सुगिरा गांव की है। मृतक का नाम अशोक अहिरवार (35 वर्ष) बताया जा रहा है, जो दिल्ली में मजदूरी करता था। अशोक की शादी लगभग 12 साल पहले कुलपहाड़ कस्बे की रहने वाली पूजा से हुई थी। दोनों की तीन बेटियां हैं।
अशोक का 22 साल का भांजा जयचंद भी दिल्ली में मजदूरी करता था और अक्सर अपने मामा के घर आता-जाता रहता था। इसी दौरान जयचंद और उसकी मामी पूजा के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं। दोनों के बीच अवैध संबंध बन गए, और धीरे-धीरे मामला इतना आगे बढ़ गया कि उन्होंने रिश्तों की सारी मर्यादाएं तोड़ दीं। 28 अक्टूबर को पूजा ने अपने पति अशोक से कहा कि वह तीनों बेटियों के साथ गांव जा रही है। लेकिन रास्ते में वह अपने भांजे जयचंद के साथ फरार हो गई। जब पूजा घर नहीं पहुंची तो अशोक ने उसकी खोजबीन शुरू की। कुछ देर बाद भांजे जयचंद ने खुद फोन कर बताया कि वह अपनी मामी को लेकर भाग गया है, क्योंकि वह उससे प्यार करता है।

इस खबर के बाद अशोक टूट गया। वह मानसिक रूप से बहुत परेशान रहने लगा। आखिरकार शुक्रवार को उसने अपने कमरे में पत्नी की साड़ी से फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार के लोग रो-रोकर बेहाल हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अशोक अपनी पत्नी और भांजे के रिश्ते से बहुत आहत था, और इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। यह घटना समाज के लिए एक बड़ा सबक है कि गलत रिश्ते न सिर्फ परिवार बल्कि कई जिंदगियां तबाह कर देते हैं।