सतर्क रहें, सुरक्षित रहें सत्य और निष्पक्षता के साथ, BeAlertMedia आपको रखे हर पल अपडेट।

सतर्क रहें: मुंबई में APK लिंक से साइबर ठगी का जाल, 24 घंटे में लाखों की ठगी

क्राइम रिपोर्ट: अन्नू दिवाकर

मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में साइबर ठगों का जाल तेजी से फैल रहा है। ताजा मामलों में ठग गैस कनेक्शन अपडेट और बिल भुगतान के नाम पर लोगों को फर्जी लिंक और APK फाइल भेजकर निशाना बना रहे हैं। बीते 24 घंटों में मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) के अलग-अलग पुलिस थानों में साइबर ठगी के करीब एक दर्जन मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें ठगों ने पीड़ितों से 30 लाख रुपये से अधिक की रकम उड़ा ली।

पुलिस के अनुसार, ठग लोगों को एंड्रॉइड पैकेज किट (APK) फाइल या संदिग्ध लिंक भेजते हैं और उस पर क्लिक करने के लिए बहलाते हैं। जैसे ही पीड़ित लिंक पर क्लिक करता है या फाइल डाउनलोड करता है, उसके मोबाइल का एक्सेस साइबर अपराधियों के पास पहुंच जाता है। इसके बाद ठग बैंकिंग डिटेल्स हासिल कर खाते से पैसे निकाल लेते हैं।

सबसे ज्यादा मामले बोरीवली और कालाचौकी पुलिस स्टेशन में दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा मालाड, समता नगर, चेंबूर, खार, पंतनगर और सांताक्रुज क्षेत्रों में भी ऐसे मामले सामने आए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ठगी के कई मामलों में फर्जी MGL गैस ऐप का इस्तेमाल किया गया।

डोंबिवली में महिला से करीब 3 लाख की ठगी
इसी तरह का एक मामला डोंबिवली के सुनील नगर इलाके में सामने आया, जहां स्मिता राणे नाम की महिला को गैस कनेक्शन बंद करने की धमकी देकर ठगा गया। उनके पति के मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें गैस बिल अपडेट न होने की बात कही गई थी। दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर ठग ने खुद को गैस कंपनी का प्रतिनिधि बताया और एक लिंक भेजा। लिंक पर जानकारी भरते ही महिला के खाते से करीब 2.99 लाख रुपये निकाल लिए गए।

पैनिक का फायदा उठा रहे ठग
विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय हालात और गैस संकट की खबरों के बीच ठग लोगों में डर और जल्दबाजी का फायदा उठा रहे हैं। ऐसे में सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

साइबर सेफ्टी टिप्स:

  • किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल पर क्लिक या डाउनलोड न करें
  • किसी भी कंपनी से आए मैसेज की आधिकारिक वेबसाइट या कस्टमर केयर से पुष्टि करें
  • OTP, डेबिट/क्रेडिट कार्ड डिटेल्स किसी के साथ साझा न करें
  • मोबाइल में केवल विश्वसनीय ऐप ही इंस्टॉल करें
  • ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत करें

पुलिस की अपील:
मुंबई पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध लिंक या कॉल के झांसे में न आएं। थोड़ी सी सावधानी आपको बड़ी आर्थिक हानि से बचा सकती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top