
क्राइम रिपोर्ट : अन्नू दिवाकर
मुंबई:
मुंबई के साकीनाका इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों और भरोसे को झकझोर कर रख दिया है। डेढ़ साल पहले जिस मौत को आत्महत्या मानकर फाइल बंद की जा रही थी, वह दरअसल एक सोची-समझी ‘सुपारी किलिंग’ निकली।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि एक पति ने अपनी प्रेमिका के साथ जिंदगी बिताने के लिए अपनी ही पत्नी की हत्या की साजिश रची और इसके लिए 6.70 लाख रुपये में सुपारी दी।
आत्महत्या समझकर बंद हो रहा था केस
14 अक्टूबर 2024 को संघर्ष नगर, साकीनाका में रहने वाली 34 वर्षीय नारंगी उर्फ गीता चौधरी का शव घर के किचन में पंखे से लटका मिला था। मौके की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने इसे आत्महत्या मानते हुए आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज कर लिया।
पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई, जिसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए राजस्थान ले जाया गया।
पिता के शक ने खोला राज
मृतका के पिता भानाराम चौधरी को शुरू से ही इस घटना पर संदेह था। उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार शिकायत दर्ज कराते रहे। उनके प्रयासों के बाद शव को कब्र से निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया।
इस बार रिपोर्ट में साफ हुआ कि मौत गला दबाने से हुई थी — यानी यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या थी।
तीसरी कोशिश में सफल हुआ प्लान
जांच में सामने आया कि आरोपी पति सकाराम चौधरी पहले भी दो बार पत्नी की हत्या की कोशिश कर चुका था—एक बार सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश और दूसरी बार मारपीट के जरिए। दोनों प्रयास असफल रहे।
इसके बाद उसने तीसरी बार पूरी योजना के साथ ‘सुपारी किलिंग’ की साजिश रची।
6.70 लाख में तय हुई हत्या की डील
सकाराम ने अपने दोस्त शंकर डांगी को 6.70 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी। शंकर ने आगे बाबू उर्फ राघव उर्फ अमरचंद गायरी और दिनेश गायरी को शामिल किया।
14 अक्टूबर 2024 को आरोपियों ने मिलकर रस्सी से गला दबाकर हत्या की और फिर शव को पंखे से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या लगे।
चौथी पूछताछ में टूटा आरोपी
शुरुआत में सबूतों के अभाव में मामला ठंडा पड़ गया था। लेकिन दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस ने केस दोबारा खोला। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी से पूछताछ की गई।
तीन बार पुलिस को गुमराह करने के बाद चौथी पूछताछ में वह टूट गया और पूरी साजिश कबूल कर ली।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी का डिंपल चौधरी नाम की महिला से अफेयर था और वह उसके साथ रहना चाहता था। पत्नी इस रिश्ते में बाधा बन रही थी, इसलिए उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।
चार आरोपी गिरफ्तार
साकीनाका पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें पति समेत सभी साजिश में शामिल लोग शामिल हैं।
