
क्राइम रिपोर्टर : अन्नू दिवाकर
नायगांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ है जिसमें 17वीं मंज़िल से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान पवन दुबे (29 वर्ष) के रूप में हुई है। वह नक्षत्र आरम्भ सोसाइटी, नायगांव का निवासी था। घटना रविवार की देर रात घटी। मिली जानकारी के अनुसार, पवन अपने पत्नी और चार साल की बेटी के साथ करीब एक साल से उस सोसाइटी में रह रहा था। रात लगभग 12 बजे अचानक वह अपने फ्लैट की बालकनी से गिर गया। नीचे मौजूद लोगों ने शोर सुना और तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पवन के परिजनों का कहना है कि यह सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि हत्या की साजिश हो सकती है। उन्होंने पवन की पत्नी पर संदेह जताया है। उनका आरोप है कि पवन की और उनकी पत्नी की शादी इंटरकास्ट लव मैरिज थी और शुरू से ही दोनों के बीच अनबन चलती रही। वे कहते हैं कि झगड़े बढ़े हुए थे और पत्नी का हाथ हो सकता है। वहीं, पवन की पत्नी ने इन आरोपों को पूरी तरह नकारते हुए कहा है कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना थी। उनका कहना है कि पवन को स्लीपवॉकिंग (नींद में चलते समय हो जाने वाली स्थिति) की समस्या थी। घर की बालकनी में सुरक्षा ग्रिल नहीं थी, और इसी कारण वह रात में अनजाने में बाहर निकल गया होगा, संतुलन खोया और गिर पड़ा।

पुलिस ने इस घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल से सबूत एकत्र किए जा रहे हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा है। अभी यह तय नहीं हो सका है कि घटना हत्या, आत्महत्या या दुर्घटना है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। एक ओर मृतक का परिवार न्याय की मांग कर रहा है, तो दूसरी ओर पत्नी अपनी बेगुनाही पर कायम है। अब यह देखने वाला है कि जांच में कौन-से तथ्य सामने आते हैं और पवन दुबे की मौत की असली वजह क्या होगी।