
रिपोर्ट- अन्नू दिवाकर
पटना के पुनपुन थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां बुजुर्ग रमेश महतो की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में पता चला है कि यह हत्या किसी बाहरी दुश्मनी की वजह से नहीं, बल्कि संपत्ति विवाद के कारण परिवार के भीतर ही रची गई साजिश थी।
पुलिस के अनुसार, रमेश महतो की बहू रानी कुमारी इस पूरे मामले की मुख्य आरोपी है। रानी ने अपने भाई अरविंद महतो, बहन पूनम और बहनोई गन्नी कुमार के साथ मिलकर ससुर की हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल किया गया ऑटो भी जब्त कर लिया गया है। सिटी एसपी (पूर्वी) परिचय कुमार ने बताया कि रमेश महतो अपने बेटे की पहली पत्नी से हुए दो बच्चों को संपत्ति में हिस्सा देना चाहते थे। इसी बात से रानी कुमारी नाराज रहती थी और ससुर पर लगातार दबाव बना रही थी। संपत्ति के लालच में रानी ने ससुर की हत्या की साजिश रची।

पुलिस जांच में सामने आया कि पहले घर में ही रमेश महतो का गला दबाया गया, ताकि वह विरोध न कर सकें। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें ऑटो में बैठाकर सुनसान जगह ले गए और सिर पर ईंट से वार कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ऑटो और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मोबाइल की जांच में पूरी प्लानिंग सामने आ गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है।