
आजकल ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें पवित्र रिश्ते तार-तार होते दिखाई देते हैं। ऐसा ही एक मामला पटना के फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के भुसौला दानापुर में देखने को मिला। यहां शनिवार की रात पारिवारिक झगड़े के चलते 24 वर्षीय रिजवान कुरैशी की हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप रिजवान की भाभी पर लगा है। घर की पहली मंजिल पर मौजूद कमरे में सोए देवर पर भाभी ने चापड़ से वार कर उसकी जान ले ली। इस अपराध को अंजाम देने के बाद भाभी मौके से फरार हो गई।

सुबह जब बड़ी भाभी ने रिजवान को जगाने की कोशिश की तो सच्चाई सामने आई।जब कमरे से कोई आवाज नहीं आई, तब बड़ी भाभी ने लाइट जलाई। रिजवान का खून से लथपथ शव देखकर वह चीख पड़ीं। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। फुलवारीश थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष के अनुसार यह वारदात पारिवारिक झगड़े की वजह से हुई है।

देवर की हत्या से पहले पति को किया कमरे में बंद
परिजनों का कहना है कि रिजवान की शादी एक साल पहले हुई थी। घटना के समय उसकी पत्नी मायके में थी। आरोपित भाभी पहले से ही रिजवान को अपने पास रखना चाहती थी। शादी से पहले भी उसने रिजवान की हत्या करने की कोशिश की थी, जिसका परिजनों ने विरोध किया। इसी बात से नाराज होकर भाभी ने यह साजिश रची। अपने देवर की हत्या करने से पहले आरोपित महिला ने अपने पति को कमरे में बंद कर दिया था। आरोपित महिला का पति पेशे से पशु व्यापारी बताया जा रहा है।
क्राइम रिपोर्टर : अन्नू दिवाकर
