सतर्क रहें, सुरक्षित रहें सत्य और निष्पक्षता के साथ, BeAlertMedia आपको रखे हर पल अपडेट।

पीएम मोदी ने की ईरान के राष्ट्रपति से बात, मिडिल ईस्ट के हालात पर जताई चिंता

ब्यूरो रिपोर्ट :सिटीजन बी अलर्ट

नई दिल्ली। ईरान के साथ भारत अपने रिश्तों को और गहरा करने की दिशा में बढ़ रहा है। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान से टेलीफोन पर बातचीत की। संघर्ष शुरू होने के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहला सीधा संपर्क था।


पीएम ने इस मुद्दे पर की चर्चा
प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में तेजी से बिगड़ती स्थिति, नागरिकों की मौत और नागरिक ढांचे को हो रहे नुकसान पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत की प्राथमिकता अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ सामान और ऊर्जा के निर्बाध परिवहन को बनाए रखना है।


प्रधानमंत्री मोदी ने इंटरनेट मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि उन्होंने ईरानी राष्ट्रपति से पश्चिम एशिया की गंभीर स्थिति पर चर्चा की और क्षेत्र में बढ़ते तनाव तथा नागरिक जीवन को हो रहे नुकसान पर चिंता जताई।

उन्होंने यह भी दोहराया कि भारत शांति और स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध है और सभी पक्षों से संवाद तथा कूटनीति के रास्ते से समाधान निकालने की अपील करता है।

ऊर्जा आपूर्ति और जहाजों की सुरक्षा पर चर्चा
सूत्रों के अनुसार, बातचीत में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा, समुद्री जहाजों की सुरक्षित आवाजाही और ऊर्जा आपूर्ति की निरंतरता जैसे मुद्दों पर विशेष जोर दिया गया। हाल के दिनों में होर्मुज जलडमरूमध्य क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों पर हुए हमलों के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ी हुई हैं।

इससे पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से बातचीत कर जहाजों की सुरक्षा और ऊर्जा आपूर्ति के मुद्दों पर चर्चा की थी। विदेश मंत्रालय के अनुसार पिछले कुछ दिनों में दोनों नेताओं के बीच कई बार संपर्क हुआ है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top