सतर्क रहें, सुरक्षित रहें सत्य और निष्पक्षता के साथ, BeAlertMedia आपको रखे हर पल अपडेट।

सिद्धेश्वर एक्सप्रेस में 5.5 करोड़ की चोरी, AC फर्स्ट क्लास से 5 किलो सोना गायब

रिपोर्ट- अन्नू दिवाकर

मुंबई: मुंबई से सोलापुर जाने वाली सिद्धेश्वर एक्सप्रेस में एक बड़ी और चौंकाने वाली चोरी का मामला सामने आया है। ट्रेन के एसी फर्स्ट क्लास (A-1) कोच से एक यात्री का करीब पांच किलो सोना, जिसकी कीमत लगभग पांच करोड़ पचास लाख रुपये बताई जा रही है, चोरी हो गया। यह वारदात छह दिसंबर की रात को हुई, जिससे रेलवे सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।मुंबई के गोरेगांव निवासी अभय कुमार जैन अपनी बेटी के साथ एसी फर्स्ट क्लास कोच में यात्रा कर रहे थे। उनके पास दो ट्रॉली बैग थे, जिनमें से एक में सोने के गहने रखे हुए थे।

रात में सोते समय उन्होंने सोने वाला ट्रॉली बैग लॉक कर अपनी बर्थ के नीचे रखा था। लेकिन सात दिसंबर की सुबह जब ट्रेन कल्याण स्टेशन पहुंची और उनकी नींद खुली, तो वह बैग गायब मिला।घटना की जानकारी मिलते ही अभय जैन ने तुरंत ट्रेन के टीटीई और रेलवे इमरजेंसी हेल्पलाइन को सूचना दी। चूंकि चोरी का पता कल्याण स्टेशन के पास चला, इसलिए मामला कल्याण रेलवे पुलिस (जीआरपी) में दर्ज किया गया।

पुलिस को दी गई शिकायत में जैन ने बताया कि चोरी हुआ बैग नीले और काले रंग का अमेरिकन टूरिस्ट ट्रॉली बैग था, जिसमें सफेद प्लास्टिक के डिब्बे में सोने के हार, मंगलसूत्र, अंगूठियां, झुमके, चेन, कटोरी सहित कई कीमती गहने रखे थे।मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे पुलिस ने जांच के लिए तीन विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस रेलवे स्टेशनों और ट्रेन के कोचों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह चोरी किसी संगठित और पेशेवर गिरोह द्वारा सुनियोजित तरीके से की गई है।

इस घटना ने लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा कर लिया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top