Crime Reporter : अन्नू दिवाकर

रसूलाबाद। थाना क्षेत्र के गदाईपुर में मंगलवार को विद्युत निगम की ओर से लगाए गए बिजली बिल राहत योजना शिविर में उपभोक्ताओं ने हंगामा कर कर्मचारियों को पीट दिया। मामले में टीजी टू ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
विद्युत उपकेंद्र रसूलाबाद के टीजीटू फुरखान ने बुधवाार को रसूलाबाद थाना में तहरीर दी। बताया कि मंगलवार को गदाईपुर में बिजली बिल राहत योजना के तहत एक शिविर आयोजित किया गया था।
शिविर के दौरान मनोज कुमार का 2228 रुपये बिजली का बिल बकाया था। इसपर उसने उपभोक्ता को बिल जमा करने के लिए कहा था। उपभोक्ता के बिल जमा न करने पर उसने कनेक्शन काट दिए जाने की बात कही। इससे नाराज उपभोक्ता मनोज कुमार, उनके भाई विनोद व एक अन्य साथी ने मिलकर उसके साथ गाली-गलौज कर मारपीट की।

इससे वह घायल हो गया। साथ ही सरकारी कार्य करने में बाधा उत्पन्न हुई। रसूलाबाद थानाध्यक्ष सतीश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।