
भारत में पेट्रोल की कीमतों को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है, जहां अंतरराष्ट्रीय हालात का सीधा असर देश के बाजार पर देखने को मिल रहा है। 20 मार्च 2026 से तेल कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल के दाम में बढ़ोतरी कर दी है। Bharat Petroleum Corporation Limited का ‘स्पीड’, Hindustan Petroleum Corporation Limited का ‘पावर’ और Indian Oil Corporation Limited का ‘XP95’ पेट्रोल अब करीब 2.09 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। हालांकि, आम पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। इस बढ़ोतरी के पीछे सबसे बड़ी वजह मिडिल ईस्ट में बढ़ता तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच चुका है, जिसका सीधा असर भारत जैसे आयातक देश पर पड़ रहा है। इसके अलावा औद्योगिक डीजल की कीमत में भी करीब 22 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है, जिससे उद्योगों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ सकता है। देश के अलग-अलग शहरों में पेट्रोल की कीमतों में फर्क देखा जा रहा है। दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये प्रति लीटर, हरियाणा में 95.91 रुपये और पश्चिम बंगाल में 106.72 रुपये प्रति लीटर के आसपास बना हुआ है। वहीं लखनऊ और पुणे जैसे शहरों में प्रीमियम पेट्रोल की कीमतें 100 रुपये से ऊपर पहुंच चुकी हैं।

इस बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर Donald Trump द्वारा ईरान को लेकर जारी तनाव और युद्ध जैसे हालात ने बाजार की अनिश्चितता को और बढ़ा दिया है। इसका असर भारतीय मुद्रा पर भी पड़ा है, जहां रुपया पहली बार डॉलर के मुकाबले 93 के स्तर से नीचे पहुंच गया है। कुल मिलाकर, पेट्रोल की कीमतों में यह बढ़ोतरी आम लोगों की जेब पर असर डाल सकती है और आने वाले समय में महंगाई बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। अगर ये युद्ध जारी रहा तो तेल की कीमते आसमान भी छू सकती है।