
क्राइम रिपोर्टर :अन्नू दिवाकर
पत्नी ने फंदा लगाने से पहले वीडियो बनाकर व्हाट्सएप पर स्टेटस भी लगाया। घटना पी.डी.नगर मोहल्ले की है।
पति की तेरहवीं के एक दिन बाद महिला ने शनिवार सुबह फंदा लगाकर जान दे दी। इससे पहले उसने वीडियो बनाकर व्हाट्सएप पर स्टेटस भी लगाया। वीडियो में उसने कहा, माता-पिता की माैत के बाद वह पति से विरह सहन नहीं कर सकतीं। परिजन से अंतिम संस्कार करने और प्लॉट में पति के साथ अपनी मूर्ति लगवाने की इच्छा जताई। घटना सदर कोतवाली के पी.डी.नगर मोहल्ले में हुई।
पी.डी.नगर निवासी अशोक उर्फ बबलू की दो मार्च को बीमारी से मौत हो गई थी। छोटे भाई रोहित ने बताया कि अशोक की माैत के बाद भाभी आरती उर्फ एकता (28) ने बहुत आहत थीं। उनके कोई संतान न होने से वह खुद को अकेला बताकर रोती रहती थीं। शुक्रवार को अशोक की तेरहवीं थी। शनिवार सुबह भाभी ने आत्मघाती कदम उठा लिया। आरती ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर एक वीडियो साझा किया है।
वीडियो में उन्होंने कहा, सभी लोगों को नमस्कार… मेरा अंतिम संस्कार अच्छे से कर देना। पति के बगैर मैं जी नहीं सकती। इतनी ताकत नहीं है कि तीन साल में तीन-तीन मौतें सहन कर सकें। माता-पिता के बाद अब पति भी छोड़कर चले गए। वह पति से विरह सहन नहीं कर सकतीं। रोहित के अनुसार स्टेटस देखकर पास में रहने वाली मौसी तुरंत पहुंची लेकिन तब तक भाभी की मौत हो चुकी थी।
सूचना पाकर माैके पर पहुंचे अस्पताल चौकी इंचार्ज अंजनी सिंह ने फंदे से उतरवाकर शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने आरती के मोबाइल को भी कब्जे में लिया है। कोतवाल चंद्रकांत मिश्रा ने महिला ने फंदे से लटककर जान देने और व्हाट्सएप स्टेटस लगाने की पुष्टि की है।
बर्दाश्त नहीं कर सकीं पति की माैत का सदमा
रोहित के अनुसार, भाभी आरती अपने माता-पिता की इकलौती संतान थीं। वह भैया के साथ पीडीनगर मोहल्ला में अपने माता-पिता के साथ रहती थीं। बीते दो साल में पहले उनकी मां और फिर पिता की बीमारी से मौत हो गई थी। इस दुख से वह उबर भी न पाई थीं। अब पति की भी बीमारी से मौत हो गई थी। भाइया-भाभी के कोई संतान नहीं थी जिससे उनका अकेलापन और बढ़ गया था। वह पति की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकीं।

वीडियो में अंतिम इच्छाएं
आरती ने वीडियो के माध्यम से परिजन से अंतिम संस्कार अच्छे से करने का आग्रह किया। साथ ही घर के पास ही खाली पड़े प्लॉट पर अपनी और पति की मूर्ति लगवाने की बात कही है। वीडियो में उन्होंने अपने दुख को व्यक्त करते हुए कहा… एक लड़की को माता-पिता के बाद पति ही प्यार करता है। पति ही सहारा होता है। भगवान ने मुझसे तीनों लोग छीन लिए। लोग सांत्वना देते हैं… सब अच्छा हो जाएगा लेकिन कब। अब वह जीना नहीं चाहतीं।
वीडियो महत्वपूर्ण साक्ष्य, आगे की जांच जारी
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है ताकि मौत के कारणों की पुष्टि हो सके। देवर रोहित ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आरती अपने माता-पिता और पति तीनों को खोने के बाद गहरे सदमे में थीं। उन्होंने बताया कि भाभी ने वीडियो में अपने अकेलेपन और मानसिक पीड़ा को उजागर किया है। पुलिस ने आरती के व्हाट्सएप स्टेटस वीडियो को बतौर साक्ष्य कब्जे में लिया है और आगे की जांच जारी है।