क्राइम रिपोर्ट : अन्नू दिवाकर

Kanpur के Kalyanpur थाना क्षेत्र में मंगलवार रात चेन स्नैचिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। बंबा रोड निवासी दूध व्यापारी राकेश त्रिपाठी की पत्नी कुसुम त्रिपाठी सब्जी मंडी में फल खरीदने गई थीं। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो बदमाश अचानक उनके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन लूट ली। वारदात इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही आरोपी मौके से भाग निकले। कुसुम त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार रात करीब आठ बजे वह पनकी रोड चौकी क्षेत्र में महाराणा प्रताप स्कूल के सामने लगने वाली सब्जी मंडी में फल खरीद रही थीं। वह एक ठेले पर फल देख रही थीं, तभी पीछे से स्कूटी पर आए दो युवकों ने अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से चेन खींच ली। घटना के बाद उन्होंने शोर मचाया और बदमाशों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार से मंडी से निकलकर केशव वाटिका की ओर भाग गए।

घटना के समय मंडी में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। एक फल विक्रेता ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों को रोकने के लिए उन पर सेब फेंककर मारने की कोशिश की, लेकिन वे किसी तरह बचकर निकल गए और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। वारदात के बाद पीड़िता ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। उनका आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी भी देखी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के दुकानदारों और लोगों से पूछताछ की और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।

फुटेज में दो स्कूटी सवार संदिग्ध नजर आए हैं, जिनके आधार पर पुलिस उनकी पहचान करने की कोशिश कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही Ashutosh Kumar और इंस्पेक्टर Santosh Singh भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है और उन्होंने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है।