
क्राइम रिपोर्ट :अन्नू दिवाकर
रनियां। खानपुर खड़ंजा स्थित एक मेडिकल स्टोर में गुरुवार रात चोर दीवार में सेंध लगाकर नकदी सहित लाखों रुपये की चोरी की। साथ ही दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए और सबूत मिटाने के लिए हार्डडिस्क भी साथ ले गए। पुलिस ने जांच-पड़ताल की।
उमरन के रामदीनपुरवा निवासी जयपाल यादव का हाईवे किनारे मेडिकल स्टोर है। वह रोजाना की तरह गुरुवार शाम मेडिकल स्टोर बंद करके घर चले गए। सुबह स्थानीय लोगों ने उन्हें दुकान के पीछे दीवार में सेंध लगी होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे जयपाल ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने पहुंच कर जांच-पड़ताल की। जयपाल ने पुलिस को बताया कि जब वह दुकान पहुंचे और शटर खोला तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था। दुकान से दवा बिक्री की नकदी और लाखों रुपये कीमत की दवाइयां गायब हैं।

इधर पुलिस जांच में दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे टूटे मिले और हार्डडिस्क भी गायब मिली। चोरी की वारदात के बाद पुलिस ने चोरों की तलाश में आस-पास दुकानों व रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। क्षेत्र में हो रही चोरी को स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी दिखी। दुकानदारों ने जल्द चोरी का खुलासा करने की मांग की। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार गौतम ने बताया कि घटना की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।