
क्राइम रिपोर्ट :अन्नू दिवाकर
नासिक : टीसीएस नासिक धर्मांतरण केस में गिरफ्तार निदा खान का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पुलिस ने दावा किया कि एआईएमआईएम के एक पार्षद ने आरोपी निदा खान और उसके परिवार को पनाह दी थी। पार्षद ने उन्हें छत्रपति संभाजीनगर में छिपाकर रखा था। नासिक पुलिस ने बताया कि ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के पार्षद मतीन पटेल से लगातार पूछताछ के बाद गुरुवार को एक उच्च स्तरीय संयुक्त पुलिस अभियान में निदा खान को गिरफ्तार किया गया।
एक अधिकारी ने बताया कि मतीन पटेल को इस मामले में आरोपी बनाया गया है क्योंकि उसने निदा खान (27) को शरण दी थी। निदा टीसीएस में कथित यौन उत्पीड़न और धर्मांतरण के लिए दबाव डालने के मामले में आरोपी है। वह गिरोह की एक प्रमुख संदिग्ध है।
नासिक के पुलिस आयुक्त संदीप कार्णिक ने बताया कि निदा खान को छत्रपति संभाजीनगर के नारेगांव इलाके से पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि छत्रपति संभाजीनगर के पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार और उनकी टीम ने खान की तलाश में नासिक पुलिस की मदद की।
यह साफ़ है कि AIMIM पार्षद (मतीन माजिद पटेल) का निदा खान को छिपाने में हाथ था। इस सबके पीछे कौन था, इसका पता लगाया जाएगा। क्या वे धर्मांतरण रैकेट में शामिल हैं? क्या उन्होंने मदद की? इसका पता चल जाएगा।
बहाने से थाने बुलाया गया मतीन पटेल
संयुक्त अभियान के बारे में संदीप कार्णिक ने कहा कि छत्रपति संभाजीनगर पुलिस ने वहां खान के ठिकाने का पता लगाया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने को बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर, शहर के पुलिस प्रमुख पवार ने मतीन पटेल और कुछ अन्य लोगों को नगर निकाय चुनावों के दौरान उन्हें प्रदान की गई सुरक्षा के शुल्कों की समीक्षा करने के बहाने बुलाया।