
ईरान और दुबई के बीच हालात उस समय और तनावपूर्ण हो गए जब ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाते हुए ड्रोन हमला किया। रिपोर्ट के मुताबिक यह हमला उस इमारत पर किया गया जहाँ संयुक्त राज्य अमेरिका के सैन्य कर्मियों की मौजूदगी बताई जा रही थी। यह घटना संयुक्त अरब अमीरात में सामने आई, जिसके बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई। बताया जा रहा है कि ईरान ने “शाहेद-136” ड्रोन का इस्तेमाल किया। इससे पहले ईरान ने सऊदी अरब में स्थित अमेरिकी दूतावास को भी निशाना बनाया था।
हालांकि उस समय दूतावास खाली था, लेकिन इमारत को नुकसान पहुंचा। इन हमलों को ईरान ने अपने खिलाफ चल रही सैन्य कार्रवाई का जवाब बताया है। पिछले कुछ दिनों से ईरान और इजरायल के बीच टकराव तेज हुआ है, जिसमें अमेरिका भी शामिल है। इसी बढ़ते संघर्ष के बीच खाड़ी देशों में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। दुबई और आसपास के इलाकों में लोगों ने आसमान में ड्रोन और धमाकों की आवाजें सुनीं, जिससे दहशत का माहौल बन गया। कुछ जगहों पर मलबा गिरने से इमारतों और वाहनों को नुकसान की खबर है, हालांकि आधिकारिक तौर पर हताहतों की संख्या स्पष्ट नहीं की गई है।

संयुक्त अरब अमीरात ने इन हमलों की कड़ी निंदा की है और इसे क्षेत्र की शांति के लिए गंभीर खतरा बताया है। वहीं अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने भी चिंता जताई है कि अगर हालात काबू में नहीं आए तो पूरा खाड़ी क्षेत्र बड़े संघर्ष की चपेट में आ सकता है। कई देशों ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है और कुछ उड़ानों पर असर पड़ा है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और दुनिया की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आगे अमेरिका, इजरायल और ईरान की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।