
क्राइम रिपोर्ट :अन्नू दिवाकर
पालघर: महाराष्ट्र के पालघर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 27 वर्षीय युवक ने अपनी शादी टूट जाने की वजह से अपनी प्रेमिका और उसकी मां की चाकूओं से गोदकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी अपनी जान देने की कोशिश की। नालासोपारा ईस्ट का रहने वाला युवक अभी विरार के एक अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बोलिंज इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां शादी टूटने से नाराज़ युवक ने अपनी प्रेमिका और उसकी मां की चाकू से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि युवक पिछले दो सालों से युवती के साथ रिश्ते में था और दोनों की सगाई भी हो चुकी थी।

मंगलवार को युवक अपने परिवार के साथ लड़की के घर रिश्ता बचाने पहुंचा, लेकिन लड़की की मां शादी के लिए तैयार नहीं हुईं। इसके बाद बुधवार सुबह युवक अकेले फिर से बातचीत के लिए पहुंचा। जब लड़की की मां अपने फैसले पर अड़ी रहीं, तो युवक गुस्से में किचन में गया और चाकू उठाकर प्रेमिका और उसकी मां पर हमला कर दिया।
घटना के बाद युवक ने खुद का गला काटकर आत्महत्या की भी कोशिश की। शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों महिलाओं को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसकी गिरफ्तारी की जाएगी। लड़की के पिता, जो बेंगलुरु में हैं, को घटना की सूचना दे दी गई है।