
क्राइम रिपोर्ट :अन्नू दिवाकर
रसूलाबाद। करीम नगर निवासी युवक की गला रेत कर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को बोरी में भरकर बंद हड्डी मिल के हौद में छिपाकर ऊपर से ईंटें डाल दी गईं। मंगलवार सुबह खोजबीन के दौरान परिजन ने शव देख कर घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल पर छानबीन कर साक्ष्य जुटाए हैं।
रसूलाबाद के कबीर नगर वार्ड निवासी सजर हुसैन ने बताया कि उनका छोटा भाई अशद हुसैन (22) पुत्र रियायत हुसैन पिता के साथ गेहूं की आढ़त पर सहयोग करता था। 25 अप्रैल की सुबह वह घर से निकला था। दोपहर तक घर न और आढ़त पर न पहुंचने पर परिजन ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन उसका फोन बंद था। इस पर परिजन ने उसकी आस-पास के क्षेत्र व रिश्तेदारी में तलाश शुरू की थी।
मंगलवार सुबह वह परिजन के साथ खोजबीन कर रहा था। इसी दौरान नगर के कुछ लोगों ने मटेरा लिंक रोड स्थित बंद पड़े हड्डी मिल के हौद में बोरी में संदिग्ध वस्तु होने व दुर्गंध आने की जानकारी दी। इस पर उसने परिजन के साथ मौके पर जाकर देखा तो हौद के पास भाई की चप्पल पड़ी थीं। हौद में अंदर झांकने पर एक भूसा भरने वाली बोरी में भाई का शव मिला। उस पर ऊपर से ईंटें रखी थीं। बोरी खोलकर देखने पर भाई की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान थे।
आरोप लगाते हुए बताया कि घर से करीब 250 मीटर दूर रहने वाले शाहनवाज उर्फ जेके से भाई का विवाद हुआ था। इससे नाराज शाहनवाज ने भाई व परिजन को जान से मारने की धमकी दी थी। आरोप है कि शाहनवाज ने अपने साथियों संग मिलकर भाई की हत्या कर शव छिपाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला रेता होना व ट्रैकिया कटी पाई गई है। इसके साथ ही माथे पर चोट के निशान मिले हैं। इधर पुलिस तहरीर पर आरोपी शहनवाज व उसके साथियों पर हत्या, साक्ष्य छिपाने की धारा में प्राथमिकी दर्ज की है।
अशद की हत्या पर बिलखे परिजन
तीन दिन से लापता अशद का शव बंद हड्डी मिल के हौद में मिलने की जानकारी पर उसकी मां हसीना बेगम, पिता रियायत हुसैन, भाई सिराज, एजाज, मजहर, सजहर रो-रो कर बेहाल हैं। रियायत हुसैन ने बताया कि शाहनवाज बेटे से पूर्व से परिचित थे। उसे नहीं पता था कि मामूली से विवाद में शाहनवाज उसके बेटे की हत्या कर देगा।
घटना स्थल पर नहीं मिला अशद का मोबाइल
हौज में मिले शव की तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पैंट की जेब से करीब 1300 रुपये व आधी पान मसाला की पुड़िया बरामद की है। पास में ही उसकी चप्पल पड़ी मिली थी जबकि उसका मोबाइल घटना स्थल पर बरामद नहीं हुआ। थानाध्यक्ष एसएन सिंह ने बताया कि अशद के मोबाइल की सीडीआर निकलवाने के साथ घटना स्थल के आसपास सक्रिय मोबाइल की लोकेशन आदि की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
शव करीब दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। युवक के लापता होने पर परिजन की ओर से पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई थी। प्रारंभिक जांच में रुपयों के लेनदेन को लेकर युवक की हत्या किया जाना पाया गया है। मामले में कई बिंदुओं पर छानबीन करने के साथ हत्यारोपियों की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।